खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ NSA, जारी हुआ गैर जमानती वारंट
नई दिल्ली। ऑपरेशन अमृतपाल सिंह के तहत पुलिस सख्ती से कार्रवाही कर रही है। वहीं अब बड़ी खबर सामने आई है कि प्रशासन ने अमृतपाल सिंह के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कर दिए है। पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने मंगलवार को एक प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। प्रदेश में अमन-शांति है।
इस दौरान उन्होंने कुछ अहम जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के मुताबिक काम कर रही है। लोगों को शक है लेकिन मुख्य आरोपी (अमृतपाल सिंह) अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। जैसे ही गिरफ्तारी होगी, हम आपको सूचित करेंगे। अमृतपाल सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया गया है और 18 मार्च को गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया है।
अमृतपाल ब्रेजा कार से भागा था। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है। उसकी चार लोगों ने मदद की थी। आईजी गिल ने कहा कि अमृतपाल की मदद करने वाले चार लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एक महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया है कि अमृतपाल सिंह भागने के बाद नंगल अंबिया गांव (जालंधर जिले में) के गुरुद्वारा साहिब गया था और भागने से पहले अपने कपड़े बदले थे। पकड़े गए चारों आरोपियों से पूछताछ में यह पता चला।
