Mar 11 2026 / 8:35 AM

छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, 11 जवान शहीद, सीएम बघेल बोले- बख्शा नहीं जाएगा

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल दंतेवाड़ा ज़िले के अरनपुर के पास बड़ा नक्सली हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि इस नक्सली हमले में हमारे 11 जवान शहीद हो गए है। बताया जा रहा है कि जब अरनपुर से जब जवान लौट रहे थे। उस दौरान IED लगाकर ब्लास्ट किया गया। इस हमले में 10 डीआरजी जवान और एक ड्राइवर के शहीद होने की खबर है।

दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक ने इसकी पुष्टी की है। उन्होंने बताया कि अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के बाद वापसी के दौरान माओवादियों ने अरनपुर मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।

वहीं इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल ने दुख जताया है और कहा हमारे जो जवान शहीद हुए है। उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। लेकिन ये जो लड़ाई है वो अंतिम दौर पर चल रहा है। नक्सलियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और निश्चित रूप से योजनाबद्ध ढंग से बनकर के नक्सलवाद को खत्म किया जाएगा।

उधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सली हमले के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बातचीत की है। शाह ने राज्य सरकार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। बता दें कि दंतेवाड़ा नक्सलियों का एक बड़ा गढ़ माना जाता है। इससे पहले भी इस इलाके में कई बार नक्सलियों ने ब्लास्ट किया है।

Chhattisgarh