Nov 10 2026 / 7:02 PM

75 मिनट तक दहकता रहा गौतमपुरा का रण, बेरीगेट खुलने के बाद भी 30 मिनट तक चलते रहे अग्निबाण

हिंगोट युद्ध में दोनों दलों ने एक-दूसरे पर बरसाए जलते हिंगोट, 25 से अधिक घायल; सुरक्षा के बीच परंपरा का निर्वहन

गौतमपुरा । दीपावली के दूसरे दिन धोक पड़वा पर गौतमपुरा में सदियों पुरानी हिंगोट युद्ध की परंपरा एक बार फिर जोश और रोमांच के बीच निभाई गई। सोमवार शाम ऐतिहासिक मैदान में तुर्रा और कलंगी दल के योद्धा आमने-सामने थे। देखते ही देखते आसमान जलते अग्निबाणों की रोशनी से चमक उठा और दोनों ओर से एक-दूसरे पर हिंगोट बरसने लगे। करीब 75 मिनट तक चले इस मुकाबले में 25 से अधिक लोग घायल हुए। इस बार युद्ध में नियमों की अनदेखी और कुछ बाहरी लोगों की मौजूदगी ने व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।

दीपावली के दूसरे दिन होने वाले इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए दोपहर 2 बजे से ही दर्शकों का पहुंचना शुरू हो गया था। शाम होते-होते मैदान और आसपास के क्षेत्र में हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। शाम करीब 5 बजे हिंगोट युद्ध की शुरुआत हुई। तुर्रा और कलंगी दल के योद्धाओं ने ढाल लेकर मोर्चा संभाला और एक-दूसरे पर जलते हिंगोट फेंकना शुरू कर दिया। मैदान में लगातार अग्निबाणों की आवाज और चिंगारियां दिखाई देती रहीं। करीब 6:15 बजे तक युद्ध जारी रहा।

बेरीगेट खुलने के बाद भी नहीं थमा युद्ध

युद्ध के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत मैदान के बेरीगेट खोल दिए थे, लेकिन इसके बावजूद दोनों दलों के योद्धा मैदान में डटे रहे। युद्ध समाप्ति की स्थिति बनने के बजाय हिंगोट फेंकने का सिलसिला जारी रहा। परिणामस्वरूप निर्धारित समय से करीब 30 मिनट अधिक मुकाबला चलता रहा। यह स्थिति सुरक्षा प्रबंधन और युद्ध समाप्त कराने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती नजर आई।

बाहरी लोगों की मौजूदगी से बिगड़ी व्यवस्था

इस बार मैदान में कुछ ऐसे लोग भी पहुंच गए, जिनका हिंगोट युद्ध से सीधा संबंध नहीं था। कुछ लोग मोबाइल से रील बनाने और नजदीक से दृश्य कैद करने के लिए मैदान तक पहुंच गए। इससे योद्धाओं और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ा। नियमों का पालन कराने के लिए बार-बार चेतावनी देनी पड़ी। वहीं कुछ लोगों के बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के हिंगोट फेंकने की बात भी सामने आई।

250 पुलिस जवान और 6 एंबुलेंस तैनात

आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। करीब 250 पुलिस जवानों के साथ 6 एंबुलेंस तैनात रखी गई थीं। प्रशासन की ओर से मैदान और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखी गई। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी और बाहरी लोगों की आवाजाही ने व्यवस्थाओं के सामने चुनौती खड़ी की । करीब 25 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। इसके बावजूद परंपरा के अनुसार दोनों दलों के योद्धाओं ने मुकाबले में हिस्सा लिया और आयोजन संपन्न हुआ।

Chhattisgarh