इसरो के वैज्ञानिकों से मिले पीएम मोदी, कहा- जहां उतरा चंद्रयान-3 वो जगह को ‘शिवशक्ति’ नाम से जाना जाएगा
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह ग्रीस से सीधे बेंगलुरु स्थित इसरो के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचे। यहां पर उन्होंने वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा जिस दिन चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरा था यानि 23 अगस्त को ऐतिहासिक दिन माना जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर जिस जगह पर लैंड हुआ है उसे अब ‘शिव शक्ति प्वाइंट’ के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा चंद्रमा की सतह पर वह स्थान जहां चंद्रयान-3 ने अपने पैरों के निशान छोड़े हैं, उसे ‘तिरंगा’ के नाम से जाना जाएगा। यह भारत द्वारा किए गए हर प्रयास के लिए एक प्रेरणा होगी। यह हमें याद दिलाएगा कि कोई भी विफलता अंतिम नहीं है।
इसरो वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वे दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस के दौरे पर थे, मगर उनका मन भारत में ही था। इस दौरान इसरो चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। पीएम मोदी ने कहा, चंद्रयान-3 की सफलता के पीछे जिन वैज्ञानिकों को हाथ है, वे उनसे मिलकर सलाम करना चाहते थे। उस दौरान, मेरे मन में बेसब्री थी।
उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को चंद्रयान-3 की लैंडिंग का एक-एक सेकंड आज भी मेरी आंखों के सामने से गुजर रहा है। यह एक नया भारत है जो तकनीकी रूप से नए तरीके से विचार करता है। यह ऐसा भारत है जो अंधेरे में भी जाता है। यह प्रकाश फैलाकर विश्व को रोशन करता है।
पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता पर विश्वभर में भारत के वैज्ञानिकों की उपलब्धि पर चर्चा जारी है। पीएम ने चांद पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के टचडाउन पॉइंट को ‘शिव शक्ति’ का नाम देते हुए मिशन से जुड़ीं महिला वैज्ञानिकों की भूमिका को सराहा।
पीएम मोदी ने कहा, हमारी महिला वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सफलता में अहम भूमिका अदा की है। यह मिशन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने वाला है। विश्व का कल्याण ही हमारी प्राथमिकता है।
पीएम ने इसरो वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग का परीक्षण करने के लिए इसरो फैसिलिटी में एक कृत्रिम चंद्रमा का निर्माण किया। पीएम मोदी ने कहा कि लैंडर का सफल होना तय माना गया था, ऐसा इसलिए क्योंकि चंद्रमा पर जाने से पहले उसने कई परीक्षण पहले ही पास कर लिए थे।
