Mar 13 2026 / 3:58 PM

कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के खिलाफ भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत

इंदौर। मध्य प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के नाम से मशहूर इंदौर जिले की अहम विधानसभा सीट इंदौर-1 पर सियासी मुकाबला रोमांचक होने वाला है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने इस सीट से अपने-अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। भाजपा ने जहां पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने उनके सामने संजय शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है।

इस बीच इंदौर-1 से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला का नाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन करने की शिकायत चुनाव आयोग से की है। इसमें आरोप है कि शुक्ला ने योजनाबद्ध तरीके से आमजन में यह प्रचारित किया कि वे 10 अक्टूबर से भागवत कथा करवाएंगे। इसमें प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी 16 अक्टूबर तक व्यासपीठ पर कथा वाचन और आशीर्वचन प्रदान करेंगी।

शिकायत में कहा है कि शुक्ला ने आमजन को यह विश्वास दिलाने के लिए कि वे वास्तव में कथा करवा रहे हैं, क्षेत्र में कथा का प्रचार-प्रसार भी किया। 9 अक्टूबर 2023 को शुक्ला और उनके समर्थक आमजन में यह बात फैलाने लगे कि भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के प्रभाव और दबाव में प्रशासन कथा में अडंगे डाल रहा है।

शुक्ला ने प्रेसवार्ता आयोजित कर विजयवर्गीय पर योजनाबद्ध तरीके से पडयंत्रपूर्वक, असत्य और मनगढ़ंत आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की। जनता के बीच यह प्रतिरूपण करने का प्रयास भी किया है कि कथा कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा द्वारा नहीं होने दी जा रही है। शुक्ला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल करते हुए 1500 रुपए प्रतिमाह देने का प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिश की है।

Chhattisgarh