टिकट कटने से नाराज विधायक समर्थकों का हंगामा, कमलनाथ के आवास के बाहर खुद पर डाला डीजल
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के ऐलान के बाद कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता व पीसीसी चीफ कमलनाथ के आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया है। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे विधायक मुरली मोरवाल के समर्थकों ने खुद के ऊपर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की है।
मौक पर बड़ी संख्या में पुलिसबलों को बुला लिया गया है, लेकिन स्थिति की गंभीरता का अंदाजा आप महज इसी से लगा सकते हैं कि पुलिसकर्मी भी किसी भी प्रकार से स्थिति कि गंभीरता पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। ऐसे में लोगों के जेहन में यही सवाल उठ रहा है कि आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी की स्थिति कैसी रहती है।
दरअसल, टिकट कटने से नाराज बडनगर विधायक मुरली मोरवाल के समर्थकों ने आज कमलनाथ के निवास के सामने प्रदर्शन किया। बता दें कि विधायक मोरवाल समर्थक उनका टिकट कटने से नाराज हैं। आज नाराज दावेदार भी भोपाल पहुंचे थे। जहां उन्होंने रणदीप सुरजेवाला से मुलाकात की।
कार्यकर्ता नर्मदापुरम, सिवनी मालवा और रामपुर, बाघेलान, शुजालपुर, सहित कई अन्य सीटों पर उम्मीदवारों को बदलने की मांग कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता इन सीटों पर किसी और उम्मीदवार को टिकट देना चाहते हैं। विरोध के बाद कांग्रेस के नेता विधायक मुरली मोरवाल को समझाने पहुंचे हैं। कमलनाथ ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को मिलने बुलाया है।
