Nov 12 2026 / 7:51 PM

दीपावली मिलन समारोह में बोले पीएम मोदी- 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य नामुमकिन नहीं

नई दिल्ली। बीजेपी मुख्यालय में आयोजित ‘दीपावली मिलन समारोह’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लक्ष्य, बीते कुछ वर्षों की भारत की उपलब्धियों पर बात की। साथ ही नशे को लेकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

पीएम मोदी ने कहा, विकसित भारत के लिए 2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि हमें तब तक इंतजार करना है। आप आजादी के आंदोलन को याद कीजिए। पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में पूरा होने वाला नहीं था।

लेकिन धीरे-धीरे छोटे लक्ष्य तय हुए, वो पूरे हुए और फिर लोगों में विश्वास जगा कि आजादी जरूर मिलेगी और पूरा देश इस संकल्प के साथ खड़ा हो गया। विकसित भारत के लक्ष्य तक भी हमें देश का यही विश्वास लेकर जाएगा। हमें छोटे-बड़े अनेक लक्ष्य पूरे करते हुए आगे बढ़ेंगे तभी विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा, आज के भारत का अंदाज, भारत का मिजाज बन गया है। आज भारत जो लक्ष्य बनाता है उसे पूरा करता है। हमने चार करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर देने का टारगेट रखा तो उसे पूरा करके दिखाया। हमने दस करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने का लक्ष्य रखा तो उसे भी पूरा किया।

तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का टारगेट पूरा किया, गरीब परिवारों को धुएं से मुक्ति दिलाने के टारगेट को पूरा करने के लिए दस करोड़ से ज्यादा उज्जवला गैस कनेक्शन दिए। हमने जो टारगेट तय किए वो कभी असंभव लगते थे लेकिन एक-एक करके देश ने सभी लक्ष्यों को पूरा किया।

पीएम मोदी ने कहा, मैं एक और विषय पर आपका सहयोग चाहूंगा। अब हमें नशे को लेकर भी वैसी ही जागरूकता निभानी होगी। हमें अपने युवाओं को इन सबसे बाहर निकालना ही होगा। सामाजिक सरोकार के विषयों को, देश में एकता बढ़ाने वाले विषयों को जब मीडिया अपने मंचों पर जगह देगा, अपनी डिबेट का हिस्सा बनाएगा, तब विकसित भारत के अभियान को और गति मिलेगी।

Chhattisgarh