सीएम मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर को हटाया, ड्राइवर से पूछा था- तुम्हारी औकात क्या है
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्रक ड्राइवर से बदसलूकी करने वाले शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल को हटा दिया है। बता दें कि हड़ताल के बीच मंगलवार को एक बैठक के दौरान कलेक्टर कन्याल और ड्राइवर्स के बीच बहस हो गई थी। इस दौरान शाजापुर कलेक्टर ने ड्राइवर से कहा था कि तुमने समझ क्या रखा है? क्या कर लोगे तुम, तुम्हारी औकात क्या है?
सीएम यादव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम गरीबों के उत्थान के लिए काम करते हैं। कोई भी कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो, उसे गरीबों के काम और भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। एक इंसान के तौर पर हमारी सरकार में इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यादव ने कहा कि वह खुद एक मजदूर के बेटे हैं। सीएम ने कहा, मेरा मानना है कि जो अधिकारी ऐसी भाषा बोलते हैं, वे फील्ड पोस्टिंग के लायक नहीं हैं। मुझे उम्मीद है कि वहां तैनात अधिकारी (शाजापुर कलेक्टर के रूप में) इस तरह के व्यवहार पर नजर रखेंगे। मैं इससे दुखी हूं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, यादव के निर्देश पर कन्याल को शाजापुर कलेक्टर के पद से हटा दिया गया। राज्य सरकार ने बुधवार को एक आदेश जारी कर कन्याल को राज्य उप सचिव के पद पर ट्रांसफर कर दिया। नरसिंहपुर की कलेक्टर रिजु बाफना को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। मंगलवार को एक ड्राइवर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान कन्याल अपना आपा खो बैठे और बाद में उन्होंने खेद व्यक्त किया।
कलेक्टर किशोर कन्याल ने कहा बैठक उन्हें अपने मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने और बात करने के लिए बुलाई गई थी, लेकिन उक्त ड्राइवर एक दूसरों को भड़काने की कोशिश कर रहा था और आंदोलन को तेज करने की धमकी दे रहा था, जिसके कारण मैंने इन शब्दों का इस्तेमाल किया। अगर मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा, हालांकि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
