Nov 11 2025 / 11:26 PM

भाजपा राष्ट्रीय अधिवेशन: अमित शाह बोले- देश ने तय कर लिया है मोदी ही फिर से पीएम बनेंगे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से पीएम बनेंगे।

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस अधिवेशन के बाद 2047 का भारत कैसा होगा इसका पीएम मोदी का संदेश लेकर हम हर चुनाव क्षेत्र में जाएंगे। पूरे देश में कही संशय नहीं है, देश ने तय किया है कि पीएम मोदी ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

अमित शाह ने कहा कि 75 साल में इस देश ने 17 लोकसभा चुनाव, 22 सरकारें, 15 प्रधानमंत्री देखें हैं। देश में जितनी सरकारें आईं सबने समयानुकूल विकास करने का काम किया, लेकिन समग्रता से हर क्षेत्र का, हर व्यक्ति का विकास सिर्फ पीएम मोदी के 10 साल के कार्यकाल में हुआ है।

अमित शाह ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है। आतंकवाद, नक्सलवाद खत्म होने के कगार पर है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में देश इनसे मुक्त हो जाएगा। लोकसभा चुनाव की तुलना महाभारत के युद्ध से की। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण के लिए जानी जाने वाली परिवारवादी पार्टियों का नेतृत्व कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे जो ओबीसी के बारे में बोल रहे है वो उनके ही खिलाफ जाने वाला है। मंडल आयोग की रिपोर्ट को इंदिरा गांधी ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था। कांग्रेस की विभाजनकारी नीति है ये लोग खुलेआम देश के दो टुकड़े करने का काम करते हैं। राहुल गांधी के 370 के समर्थन के बयान को यूएन में पाकिस्तान ने उठाया। ऐसा आरोप है हम पर कि भाजपा अस्थिरता फैलाती है। कांग्रेस ने सभी संवैधानिक संस्थाओं की धज्जियाँ उड़ाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी ने 90 बार आर्टिकल 356 का प्रयोग किया है।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने टिप्पणी कराकर ज्यूडिसरी को डराने काम किया। हमने कभी भी ज्यूडिसरी के खिलाफ ऐसा नहीं किया। केरल में हमारे 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता शहीद हो गये। बंगाल में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ता मारे गये। भाजपा के हजारों कार्यकर्ता हिंसा की भेंट चढ़ गये। इंडिया एलायंस हिंसा फैलाता है।

अमित शाह ने कहा कि 75 साल तक हम राम मंदिर की कानूनी लडाई लड़े। इसका सम्पूर्ण यश पीएम मोदी को जाता है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया एलायंस वाले हम पर आरोप लगाते हैं हम अस्थिरता फैलाते हैं। मगर जब से इंदिरा जी पीएम बनीं तब से इन्होंने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया है। आज से 100 साल बाद भी कोई कांग्रेस का रिकार्ड कोई तोड़ नही पायेगा। आपने इतनी सरकारे गिराई हैं।

भाजपा में लोकतंत्र नहीं होता तो एक चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री नही बनता। मोदी देश के बेहद गरीब परिवार से पीएम बन कर आए। पवित्र संगोल को पार्लियामेंट में स्थान हमने दिया। इसका भी विरोध किया। जाकिर नायक को शांति का प्रतीक बताते हैं। भगवा को पूरे सनातन को भगवा आतंकी बताते हैं। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकराया है। 75 साल तक हम कानूनी लड़ाई लड़े और पूरे संवैधानिक तरीके से राममंदिर का निर्माण हमने किया।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने राम के अस्तिव को नकारा है। तीन तलाक का कानून का विरोध कांग्रेस ने किया यूसीसी का विरोध कांग्रेस ने किया। भाजपा ने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर दिया। पीएफआई पर बैन पर कांग्रेस ने विरोध किया। देश के खजाने पर पहला अधिकार माईनारटी का है। ये कांग्रेस कहती थी, मगर मोदी ने कहा कि देश के खजाने पर पहला अधिकार गरीब का है। कांग्रेस ने राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकराया और देश की जनता इसको देख रही है। भाजपा तुष्टीकरण को नहीं मानती है।

Chhattisgarh