Nov 12 2025 / 3:25 AM

हरियाणा में नायब मंत्रिमंडल का विस्तार, 8 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

नई दिल्ली। हरियाणा में सीएम बनने के बाद आज प्रदेश में नायब सिंह सैनी अपने मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया। राजभवन में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आठ विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर, विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता मौजूद रहे।

हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे पहले कमल गुप्ता ने संस्कृत में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। कमल गुप्ता हिसार से दूसरी बार लगातार विधायक बने हैं, वह मनोहर लाल सरकार में भी मंत्री थे। कमल वैश्य समुदाय से आते हैं और पेशे से डॉक्टर हैं। इसके बाद सीमा त्रिखा ने बतौर मंत्री शपथ ली। इन्हें राज्यमंत्री बनाया गया है। सीमा बड़खल विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक हैं और खुद ब्राह्मण परिवार से आती हैं। हालांकि, पंजाबी परिवार में उनकी शादी हुई है।

तीसरे नंबर पर महिपाल ढांडा ने मंत्रीपद की शपथ ली। ढांडा पानीपत ग्रामीण से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं और बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश के अध्यक्ष रह चुके हैं। एबीवीपी में भी लंबे समय तक काम करते हुए छात्र नेता रहे। ढांडा को जाट समाज का प्रमुख चेहरा माना जाता है। चौथे नंबर पर अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई।

पांचवें नंबर पर डॉ. अभय सिंह यादव को शपथ दिलाई गई। इन्हें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। डॉ. अभय यादव नांगल चौधरी से दूसरी बार विधायक बने हैं। इन्होंने 2014 में आईएएस से इस्तीफा देकर विधानसभा चुनाव चुनाव लड़ा था। इसके बाद संजय सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। संजय सिंह सोहना विधानसभा में पहली बार चुनाव लड़कर जीते हैं। संजय राजपूत समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र के थानेसर विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक बने सुभाष सुधा को भी स्वतंत्र प्रभार के तहत मंत्री बनाया गया है। सुभाष सुधा ने साल 2014 में बीजेपी ज्वाइन की थी।

बता दें कि मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृह मंत्री रहे बीजेपी के कद्दावर नेता अनिल विज को नायब सिंह सैनी कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। बताया जा रहा था कि बीजेपी आलाकमान के काफी मान-मनौव्वल के बाद विज की नाराजगी दूर नहीं हुई। इसके बाद उनके बगैर ही आज मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। वहीं, अनिल विज ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। विज ने कहा कि मुख्यमंत्री साहब मेरे घर चाय पर आ सकते हैं।

Chhattisgarh