Mar 15 2026 / 2:11 AM

कमलनाथ पर कैलाश विजयवर्गीय के गंभीर आरोप, बोले- घर बुलाकर पैसा बांट रहे…

इंदौर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मध्य प्रदेश के नेताओं पर सियासी रंग चढ़ चुका है। कांग्रेस-बीजेपी एक-दूसरे पर हमलावर हैं। इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा छिंदवाड़ा लोकसभा सीट को लेकर है। दरअसल, कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा लोकसभा सीट प्रदेश में कांग्रेस की एकमात्र सीट है। 28 सीटों वाली बीजेपी का लक्ष्य इस बार छिंदवाड़ा पर जीत हासिल करना है।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय यह सीट बीजेपी की झोली में डालने के लिए एक हफ्ते से छिंदवाड़ा में कैम्प कर रहे हैं। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में बीजेपी का चुनावी एजेंडा बताया तो वहीं कमलनाथ पर पैसा बांटने के गंभीर आरोप लगाए।

कैलाश विजवर्गीय ने कहा कि बीजेपी का एजेंडा विकास है। 60 किलोमीटर नागपुर है। वहां की सड़कें देख लीजिए। कमलनाथ जी भी उसी मंत्रालय में थे जिसमें नितिन गडकरी जी हैं लेकिन छिंदवाड़ा की सड़कें क्यों नहीं बनीं। छिंदवाड़ा की प्रति व्यक्ति आय क्यों कम है। विजयवर्गीय ने आगे दावा करते हुए कहा, ग्रामीण इलाकों में पकड़ होने की उनकी (कमलनाथ) गलतफहमी बनी रहे। हम 5 लाख वोट से छिंदवाड़ा जीतेंगे।

विजयवर्गीय ने कहा कि ग्रामीण इलाके में पीने का पानी नहीं है। यहां मेडिकल कॉलेज हमने दिया। मक्के की फसल मुख्य है। देश में सबसे अधिक मक्का छिंदवाड़ा में होता है। मक्के के वैल्यू एडिशन के लिए कमलनाथ जी ने क्या किया। मिलेट का दाम मोदी जी ने बढ़ाया। इंदौर, उज्जैन, रतलाम और देवास सभी छिंदवाड़ा से बेहतर शहर हो गए हैं। छिंदवाड़ा में लोगों की इनकम नहीं बढ़ी।

कैलाश विजवर्गीय ने आगे कहा कि उनका नेटवर्क यहां बहुत सॉलिड है ये मैं मानता हूं। चुनाव आयोग के निर्देश और प्रशासन के सख्त होने के बाद अब कमलनाथ जी गांव में पैसा बंटवाने की जगह ग्राम प्रधानों को घर बुला कर पैसे दे रहे हैं।

बता दें कि दो दिन पहले भी विजयवर्गीय ने कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ पर शराब, बर्तन और पैसे बांटने के आरोप लगाए थे। नकुल नाथ यहां से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। विजयवर्गीय ने कहा था कि चुनाव आयोग को उन घरों की तलाशी लेनी चाहिए जहां नुकल नाथ रुके हैं क्योंकि वहां पैसों के बंडल रखे हुए हैं।

Chhattisgarh