Mar 11 2026 / 10:11 PM

महाराष्ट्र चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत पर इंदौर में मना जश्न, मंत्री विजयवर्गीय बोले- फडणवीस बने सीएम

इंदौर। इंदौर के राजवाडा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत का अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जश्न मनाया। मंत्री विजयवर्गीय ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को जलेबी भी खिलाई। इस दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का समर्थन किया है।

इंदौर के राजबाड़ा चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं के जोरदार जश्न के बीच मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला तो भाजपा आलाकमान और महायुति गठबंधन में शामिल तीनों दलों के नेता करेंगे, पर भाजपा कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि फडणवीस मुख्यमंत्री बनें। महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा पर विश्वाश जताया।

उन्होंने कहा कि मेरी सुबह से महाराष्ट्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से बात हो रही है। सबका एक ही मत है कि फडणवीस को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना चाहिए।विजयवर्गीय, मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में काबीना मंत्री हैं। उन्होंने फडणवीस की नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट समेत नागपुर जिले की 12 सीट पर चुनावी प्रबंधन की कमान संभाली थी।

मंत्री विजयवर्गीय ने महाराष्ट्र में भाजपा के शानदार चुनावी प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों ने बता दिया है कि कांग्रेस के उठाए जाने वाले गलत मुद्दों का खोटा सिक्का बार-बार नहीं चलेगा।

Chhattisgarh