पाकिस्तान में बड़ा बम धमाका, 9 लोगों की मौत
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को भीषण बम धमाका हो गया। इस ब्लास्ट में कम से कम नौ लोगों की मौत की खबर आ रही है, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। इसी के साथ पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी राज्य में एक बार फिर आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ को चुनौती मिल रही है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, यह ब्लास्ट खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवत जिले के एक बाजार में हुआ है। इस ब्लास्ट में जान गंवाने वाले लोगों में दो ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले बाजार में व्यस्त समय के दौरान विस्फोटकों से लदे एक लोडर रिक्शा में विस्फोट हो गया। धमाके के तुरंत बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और सबूत जुटाने और जांच शुरू करने के लिए इलाके को घेर लिया। इसके बाद बचाव दल 1122 घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों और घायलों को चिकित्सा उपचार के लिए नौरंग अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी बचाव कार्यों में सहायता करने और घायलों के लिए रक्तदान करने के लिए अस्पताल में जमा हुए। सूत्रों के मुताबिक, कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका बताई गई है।
