May 17 2026 / 11:30 PM

पीएम मोदी को मिला स्वीडन का सबसे बड़ा सम्मान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह किसी भी देश के प्रधानमंत्री या सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है।

गोथेनबर्ग शहर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे। यह मोदी को मिलने वाला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

मोदी 8 साल बाद स्वीडन पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने 2018 में स्वीडन का दौरा किया था। पीएम मोदी का विमान जैसे ही स्वीडन की सीमा में पहुंचा था, स्वीडिश फाइटर जेट्स ने उसे सुरक्षा देते हुए एस्कॉर्ट किया। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन पीएम मोदी को रिसीव करने गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर पहुंचे थे।

मोदी के स्वीडन के होटल पहुंचने पर बंगाली तरीके से आरती उतारी गई और क्लासिकल डांस से उनका स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

यह दौरा भारत और स्वीडन के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस दौरान व्यापार, तकनीक, रक्षा और ग्रीन एनर्जी जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों की भी उम्मीद है।

Chhattisgarh