Jul 08 2026 / 11:35 PM

ममता बनर्जी ने खोया आपा, अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता को मारा थप्पड़

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती हुई दिख रही हैं।

दार्जिलिंग से बीजेपी के सांसद राजू बिस्टा ने ममता बनर्जी का यह वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, एक व्यक्ति भीड़ को नियंत्रित करने और ममता के लिए रास्ता बनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ममता ने अपना आपा खो दिया और अपने ही पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया। वायरल वीडियो ममता बनर्जी की रैली का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे ममता बनर्जी की हताशा बता रहे हैं।

दरअसल बरुईपुर में बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में ममता बनर्जी ने यह रैली निकाली थी। इसके लिए कलकत्ता हाईकोर्ट से ममता बनर्जी को मंजूरी भी मिली थी। आरोप है कि ममता बनर्जी की रैली के दौरान कुछ लोग टीएमसी कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। ममता ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है।

ऐसा बताया जा रहा है कि इसी भिड़ंत में टीएमसी कार्यकर्ता को चोट आई जिसको अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था ममता कर रही थीं इसी दौरान उनको भीड़ से बचाने के लिए एक व्यक्ति ने सुरक्षा घेरा बनाया और ममता ने उसे ही थप्पड़ जड़ दिया।

हालांकि इस घटना को लेकर फिलहाल टीएमसी या ममता बनर्जी की ओर से कोई प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। उधर, ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय ने पीएमएलए के तहत कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस के करीब 440 करोड़ रुपये की राशि वाले बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। टीएमसी के बागी गुट ने पार्टी फंड के हेरफेर और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

Chhattisgarh