बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शहाबुद्दीन के इस्तीफे के अटकलें पिछले कुछ दिनों से लगाई जा रही थीं। ऐसा माना जा रहा है कि राष्ट्रपति शहाबुद्दीन को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से करीबी के चलते पद छोड़ना पड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभी हाल ही में राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान शेख हसीना से संपर्क साधने की कोशिश की थी। इसको लेकर तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की बीएनपी सरकार उनसे खुश नहीं थी। वहीं अभी कुछ दिन पहले ही शेख हसीना ने भी बांग्लादेश वापसी का ऐलान किया है, शहाबुद्दीन के इस्तीफे को इससे भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
मोहम्मद शहाबुद्दीन के पांच साल के कार्यकाल के खत्म होने में अभी दो साल का समय बाकी है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 में समाप्त होना था। शहाबुद्दीन ने 24 अप्रैल, 2023 को, अवामी लीग सरकार के दौरान बांग्लादेश के 22वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेकर पद संभाला था। जब तक नए राष्ट्रपति का चयन नहीं हो जाता तब तक बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर कामकाज संभालेंगे।
गौरतलब है कि शेख हसीना ने कहा था कि वो दिसंबर के आसपास बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि मुझे मालूम है बांग्लादेश पहुंचते ही मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है, मेरी हत्या भी हो सकती है मगर फिर भी मुझे वापस लौटना होगा।
हसीना ने कहा कि मैं बांग्लादेश में कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करूंगी। मैं चाहती हूं कि अगर मुझे मौत आए तो मेरी अपनी मिट्टी पर आए, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं और जहां उनका खून बहा था। 5 अप्रैल 2024 को तख्तापलट के बाद से शेख हसीना ने भारत में शरण ले रखी है।
