Jul 26 2026 / 10:35 PM

पीएम मोदी का Gen-Z के साथ संवाद, कहा- राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित गांव प्रोग्राम 2026 के प्रतिभागियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और Gen-Z की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत में सामूहिकता की एक मजबूत परंपरा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास और राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में शामिल युवा प्रतिभागी दिव्यांशु जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरोसा दिलाया कि देश की Gen-Z विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। दिव्यांशु जोशी ने कहा, प्रधानमंत्री जी, सभी MY भारत वॉलंटियर्स की ओर से मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि विकसित भारत का जो विजन आपने देखा है और हमें सौंपा है, उसे पूरा करने के लिए Gen-Z पूरी तरह समर्पित रहेगा।

उन्होंने Gen-Z की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि युवाओं के लिए इसका अर्थ राष्ट्र-निर्माण, चरित्र-निर्माण, सेवा और इनोवेशन है। उन्होंने कहा कि Gen-Z के लिए ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना सबसे महत्वपूर्ण है। दिव्यांशु ने यह भी बताया कि सीमावर्ती गांवों के दौरे के दौरान युवाओं ने अपने अनुभव दर्ज किए हैं। इन अनुभवों को जल्द ही एक विस्तृत समरी नोट के माध्यम से प्रधानमंत्री के साथ साझा किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, MY भारत के माध्यम से संचालित विकसित गांव प्रोग्राम की परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को साकार करने के लिए की गई है, जिसमें भारत के सीमावर्ती गांवों को ‘देश के पहले गांव’ के रूप में देखा जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य इन गांवों को विकसित भारत की यात्रा में सक्रिय भागीदार बनाना है।

विकसित गांव प्रोग्राम 2026 का आयोजन दो चरणों में 4 जून से 30 जून तक किया गया। इसमें लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 जीवंत गांवों को शामिल किया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, देश के प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवा प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के जरिए किया गया। इस प्रतियोगिता में तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

Chhattisgarh