सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेंका जूता, सांसद ने कहा- चाकू से हमले की कोशिश की गई
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर एक व्यक्ति ने जूता फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जबकि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि आरोपी केवल जूता फेंकने नहीं आया था, बल्कि उसके पास चाकू भी था और वह उनकी हत्या करना चाहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लगातार सार्वजनिक रूप से उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और उनके सिर पर इनाम घोषित कर रहे हैं। सांसद ने बताया कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पप्पू यादव पहले से ही राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। संसद के मानसून सत्र के दौरान उन्होंने साधु का वेश धारण कर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। उनके साथ एक सांकेतिक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें दानपेटी के माध्यम से कथित चढ़ावा गड़बड़ी का मुद्दा उठाया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतीकात्मक रूप से दान दिया था।
संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन के बाद वाराणसी के कोतवाली थाने में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर किया गया प्रदर्शन धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला और सनातन परंपरा का अपमान है।
इस बीच लखनऊ में एक हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी ने कथित रूप से पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख देने का बयान दिया था। पप्पू यादव का कहना है कि इसी तरह की लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
