नेपाल में बाढ़ से तबाही, 105 भारतीय पर्यटकों समेत कई विदेशी लापता
नई दिल्ली। नेपाल में आई जलप्रलय की तबाही के वीडियो इतने भयावह हैं कि उसे देखकर इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कितनी बड़ी त्रासदी है। न जाने कितने ही घर, कितने लोग, बिल्डिंगें, लोहे के बड़े-बड़े पुल, हाइड्रोपावर प्लांट जो भी सैलाब के रास्ते में आया, वो सब कुछ बह गया। बसे बसाए गांवों का पलक झपकते नामों निशान मिट गया। सैकड़ों जिंदगियों को यह सैलाब लील गया।
मीडिया रिपोर्ट में 1000 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बताया कि रसुवा इलाके में लापता हुए 384 पर्यटकों में 105 से भारतीय शामिल हैं। टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, लापता 384 पर्यटकों में 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक हैं।
अन्य लापता विदेशी पर्यटकों में यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के नागरिक हैं। भोटेकोशी नदी में अचानक आई जबरदस्त बाढ़ के कारण देश के उत्तरी हिस्से के प्रभावित जिलों जिनमें रसुवा, समेत अन्य जिलों बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है। सिर्फ नेपाल ही नहीं तिब्बत में भी भारी नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी कैमरों और लोगों के मोबाइल में कैद हुए त्रासदी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखकर एक बार फिर इस बात की पुष्टि हो गई है कि प्रकृति जब अपना रौद्र रूप दिखाती है तो उसके आगे इंसान की एक नहीं चलती। सारे इंतजाम धरे के धरे रह जाते हैं।
