Aug 31 2026 / 10:37 PM

अहिल्या की नगरी में इतिहास को मिलेगा नया रूप, 250 करोड़ से बनेंगे स्मारक और ‘अहिल्या लोक’

इंदौर के पुराने आरटीओ परिसर में 150 करोड़ का स्मारक, महेश्वर में 100 करोड़ से महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित होगा अहिल्या लोक

इंदौर। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की पावन स्मृतियों को संजोने के लिए इंदौर और महेश्वर में दो बड़े प्रोजेक्ट आकार ले रहे हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम और राज्य सरकार के प्रयासों से दोनों परियोजनाओं पर करीब 250 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की योजना है। एक ओर इंदौर के लालबाग के समीप पुराने आरटीओ परिसर में भव्य अहिल्याबाई होलकर स्मारक विकसित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर महेश्वर में महाकाल लोक की तर्ज पर ‘अहिल्या लोक’ विकसित करने की योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है।

इंदौर में साढ़े तीन एकड़ में स्मारक…
इंदौर में लालबाग के समीप पुराने आरटीओ भवन की करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन शासन ने स्मारक के लिए उपलब्ध कराई है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन लंबे समय से प्रयासरत रही हैं। राजवाड़ा में आयोजित कैबिनेट बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने प्रोजेक्ट की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की थी। वर्तमान में पुराने आरटीओ भवन के हॉल और अन्य हिस्सों में स्मारक निर्माण से जुड़े कार्य चल रहे हैं।

पहले चरण में 40 करोड़ के काम…
इंदौर स्मारक की कुल लागत करीब 150 करोड़ रुपए अनुमानित है। परियोजना से जुड़े समाजसेवी रामस्वरूप मूंदड़ा के अनुसार, पहले चरण में करीब 40 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहर के उद्योगपतियों और सामाजिक संस्थाओं से भी इसके लिए आर्थिक सहयोग मिला है। इसमें एक उद्योगपति द्वारा 5 करोड़ रुपए का सहयोग दिया जाना बताया गया है। राज्य और केंद्र सरकार से अतिरिक्त राशि प्राप्त करने के प्रयास भी जारी हैं।

3डी पेंटिंग से लाइट एंड साउंड शो तक….
अहिल्याबाई होलकर के जीवन और उनकी ऐतिहासिक कृतियों को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत रूप में प्रदर्शित करने की तैयारी है। इसके लिए इतिहासकारों और सिनेमैटोग्राफर्स से परामर्श लिया जा रहा है।

परिसर में 3डी पेंटिंग, भित्ति चित्र, म्यूरल्स और दुर्लभ तस्वीरों का संग्रहालय विकसित किया जाएगा। इसके साथ लाइट एंड साउंड शो, अहिल्या उद्यान और अहिल्या घाट भी प्रस्तावित हैं। चंपा बावड़ी और शिव मंदिर की ओर से भव्य प्रवेश द्वार भी परियोजना का आकर्षण रहेगा।

महेश्वर में 100 करोड़ का अहिल्या लोक…
इंदौर के साथ महेश्वर में भी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के प्रशासनिक और धार्मिक योगदान को केंद्र में रखकर ‘अहिल्या लोक’ विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर 100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाने की योजना है। महेश्वर में बनने वाला यह नया पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अहिल्याबाई होलकर के व्यक्तित्व, कार्यों और इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

इंदौर-महेश्वर की पहचान को मिलेगा नया आयाम….
दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इंदौर और महेश्वर को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की विरासत से जोड़कर एक बड़े पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Chhattisgarh