बीच-बचाव करना पड़ा भारी, छात्र पर चाकू के पांच वार; आईसीयू में जिंदगी की जंग
पेट्रोल भरवाने निकला था छात्र, अंडरब्रिज के पास दो युवकों और युवती का विवाद देखकर रुका; कार में बैठते समय पीछे से हमला, आरोपी फरार
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार रात इंसानियत दिखाते हुए विवाद सुलझाने की कोशिश करना एक छात्र को भारी पड़ गया। पेट्रोल डलवाने जा रहे छात्र ने रास्ते में दो युवकों और एक युवती को झगड़ते देखा तो अपनी कार रोककर उन्हें समझाने की कोशिश की। इसी दौरान विवाद कर रहे युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने छात्र पर पांच वार किए। कंधे पर तीन और पैरों पर दो वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में उपचाररत है। झगड़ा देखा तो कार रोककर समझाने पहुंचा।
कनाड़िया पुलिस के अनुसार बिचौली मर्दाना निवासी अर्पित शर्मा, पिता अमित शर्मा, रविवार रात अपनी पजेरो कार से पेट्रोल भरवाने के लिए निकला था। के-2 ढाबे के पास अंडरब्रिज के समीप उसने देखा कि दो युवक और एक युवती आपस में विवाद कर रहे हैं। बहस करते हुए तीनों उसकी कार के सामने आ गए। अर्पित ने कार रोककर विवाद शांत कराने और तीनों को समझाने की कोशिश की।
कार में बैठने लगा तो पीछे से चाकू मारे….
अर्पित के पुलिस को दिए बयान के अनुसार, विवाद कर रहे दोनों युवकों के पास धारदार चाकू थे। माहौल बिगड़ता देखकर अर्पित वापस अपनी कार में बैठने लगा। इसी दौरान विजय नामक युवक ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। उसने अर्पित के कंधे पर चाकू से तीन वार किए। इसके तुरंत बाद दूसरा आरोपी रोहित भी वहां पहुंचा और उसने अर्पित के पैरों पर चाकू से दो वार कर दिए।
चाकू पकड़कर बचाने की कोशिश…
अर्पित ने खुद को बचाने के लिए चाकू को हाथ से पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक आरोपी उस पर कई वार कर चुके थे। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। युवती की एक्टिवा पर बैठकर भागे आरोपी हमले के बाद युवती याशिका अपनी एक्टिवा लेकर मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों आरोपी युवक उसी एक्टिवा पर सवार होकर युवती के साथ वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि झगड़े के दौरान तीनों एक-दूसरे का नाम लेकर पुकार रहे थे। इसी वजह से उसे आरोपियों के नाम पता चल गए।
ऑटो चालक ने पहुंचाया अस्पताल….
वारदात के बाद सड़क से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने घायल अर्पित की मदद की और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। कनाड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के आने-जाने के रास्तों और एक्टिवा के नंबर के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। एक मामूली विवाद को शांत कराने की कोशिश करने वाला छात्र खुद हमले का शिकार हो गया। पांच चाकू के वार के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
