Sep 03 2026 / 9:58 PM

भारत-बेल्जियम के बीच महत्वपूर्ण MoU साइन, पीएम मोदी बोले- दुनिया के लिए भरोसे का सोर्स भारत

नई दिल्ली। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आए हुए हैं। दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आज पीएम नरेंद्र मोदी के साथ बेल्जियम के प्रधानमंत्री वेवर की द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों नेताओं ने चर्चा की।

पीएम मोदी और वेवर की मौजूदगी में भारत और बेल्जियम के बीच कई महत्वपूर्ण MoU साइन हुए। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने प्रेस को साझा संबोधन भी दिया। मोदी और वेवर ने आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करने की साझी प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही यूक्रेन और वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के सभी प्रयासों का समर्थन किया।

भारत और बेल्जियम के सालों पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत और बेल्जियम के संबंधों की जड़ें इतिहास में गहरी हैं। पहले विश्व युद्ध में बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों का साहस और बलिदान, हमारी साझा स्मृति का अहम हिस्सा है।

आज डेमोक्रेटिक वैल्यूज, मार्केट इकोनॉमी और गहरे पीपल-टू-पीपल टाइज हमें नैचुरल पार्टनर्स बनाते हैं। स्वच्छ ऊर्जा वाला भविष्य और भरोसेमंद सप्लाई चेन हमारी साझी प्रथमिकताएं है। नवीकरणीय ऊर्जा पर आज हुआ एमओयू हमारे स्थिर सहयोग को नई गति देगा। हमने महत्वपूर्ण खनिज में प्रोसेसिंग और रीसाइक्लिंग में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है।

सेमीकंडक्टर्स में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का स्केल एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दिशा में हम बेल्जियम के IMEC इंस्टिट्यूट को भारत के सेमीकंडकर इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे।

पीएम मोदी बोले, हमने भारत में बेल्जियम की कंपनियों के लिए एक ‘इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म’ बनाया है। हमने ‘इंडिया-बेल्जियम बिजनेस फोरम’ को एक नियमित व्यवस्था बनाने का फैसला किया है। हम दोनों देशों के वित्तीय, फिनटेक और रेगुलेटरी संस्थानों के बीच तालमेल बढ़ाएंगे।

इन सभी पहलों से हम अगले पांच सालों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य साकार करेंगे। रक्षा और सुरक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ हैं। आज हमने दोनों देशों के बीच मिलिट्री एक्सचेंज और ट्रेनिंग सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई है।

Chhattisgarh