Sep 13 2026 / 12:11 AM

BRICS की इस तस्वीर में दिखा मोदी-पुतिन-जिनपिंग का दोस्ताना अंदाज

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट की एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस फोटो में मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि तीनों नेताओं ने एक दूसरे का हाथ थाम रखा है और उनके चेहरे पर मुस्कुराहट है।

मोदी-पुतिन-जिनपिंग के बीच केमिस्ट्री को दर्शाती इस फोटो से ब्रिक्स देशों के बढ़ते आपसी सहयोग और भविष्य को लेकर एकजुटता के साथ काम करने की उनकी प्रतिबद्धता जाहिर होती है। मोदी ने इस तस्वीर के माध्यम से बिना कुछ कहे ही दुनिया को एक सकारात्मक संदेश दे दिया है।

इससे पहले पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की पुरजोर वकालत की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संस्थानों में लोगों का भरोसा तभी बनेगा, जब हम एकजुट होकर रिस्पॉन्स पर ध्यान देंगे।

वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स समिट में अपनी बात रखते हुए कहा, ब्रिक्स एक-दूसरे की परंपराओं, मूल्यों और इतिहास के सम्मान पर आधारित है इसीलिए हमारा प्रभाव बढ़ रहा है। हमारी संयुक्त कार्रवाइयों और फैसलों पर ही वैश्विक राजनीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और मानवीय सहयोग निर्भर करते हैं।

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने संबोधन में ब्रिक्स समूह से मध्य पूर्व के संघर्ष में शांति लाने की भूमिका निभाने का आग्रह किया। शी ने कहा कि चीन इस भूमिका में अन्य ब्रिक्स सदस्यों के साथ मिलकर काम करेगा, क्योंकि यह युद्ध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि चीन अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा और 19वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

Chhattisgarh