Sep 12 2026 / 11:17 PM

ब्रिक्स डिनर: वैश्विक नेताओं ने भारतीय व्यंजनों का चखा स्वाद, मेन्यू में खांडवी, शाही गुच्छी से मिलेट पुलाव तक

नई दिल्ली। नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन में शामिल हुए ब्रिक्स नेताओं को शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज में खास भारतीय और मोटे अनाज पर आधारित शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। मेन्यू में खांडवी मिले-फुई, खुंब गलौटी से लेकर पनीर लबाबदार, मिलेट पुलाव और पारंपरिक भारतीय मिठाइयां शामिल थीं।

मेन्यू कार्ड के अनुसार, यह रात्रिभोज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के मौके पर भारत मंडपम में आयोजित किया गया। मेन्यू अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में था। इसमें पारंपरिक भारतीय सजावटी बॉर्डर भी बनाया गया था।

रात्रिभोज के मेन्यू में मोटे अनाज को खास जगह दी गई। मेन्यू में दिए गए एक विशेष नोट में ‘श्री अन्न’ के महत्व को बताया गया। पूरे भोजन में मोटे अनाज की तीन किस्मों का इस्तेमाल किया गया। पुलाव में बाजरा, भारतीय ब्रेड में ज्वार और मिठाई में सांवा शामिल किया गया।

मेन कोर्स-

पनीर लबाबदार: नर्म पनीर के टुकड़ों को छोटे प्याज (शलॉट्स) और टमाटर की गाढ़ी एवं समृद्ध ग्रेवी में पकाया गया।
गुच्छी मार्मिक: हिमालय की दुर्लभ एवं कीमती ‘गुच्छी’ (मशरूम) और ताज़े एस्पैरागस (Asparagus) को केसर, मुनक्का (Raisins) और मामरा बादाम के साथ धीमी आंच पर पकाया गया। यह व्यंजन इस मेनू का मुख्य आकर्षण रहा।
कैरेट बीन पोरीयल: दक्षिण भारतीय शैली में नारियल के शुद्ध तेल में गाजर और बीन्स को सुगंधित मसालों के साथ भूनकर ऊपर से ताज़ा कसा हुआ नारियल मिलाकर तैयार किया गया।
तक्कली बेले सारू: अरहर (तूर) दाल और ताज़े टमाटर तथा कड़ी पत्ते के मेल से बना हल्का और सुपाच्य दक्षिण भारतीय सूप/रसम्।
मिल्लेट पुलाव : स्वास्थ्य और पारंपरिक अनाज को बढ़ावा देते हुए बासमती चावल और बाजरा/श्रीअन्न (Pearl Millets) को मौसमी मसालों के साथ पकाकर यह खास पुलाव तैयार किया गया।
बीटरूट रायता : ताज़े चुकंदर और जड़ी-बूटियों (Herbs) से तैयार किया गया ठंडा दही।
Assorted इंडियन ब्रेड्स : इसके साथ भारतीय रोटियों और नान की विविध टोकरी परोसी गई।

Chhattisgarh