Oct 14 2026 / 12:21 AM

अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- गुजरात में कांग्रेस लगातार हार रही है, क्या यह भी SIR का परिणाम है?

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्ष के द्वारा चुनाव आयोग तथा SIR को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर जवाब दिया। गुजरात में आज गुजरात में दो म्युनिसिपलिटी और एक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चुनाव में बीजेपी की जीत का पर अमित शाह ने कहा, जो लोग बैलेट बॉक्स या वोटिंग मशीनों का जिक्र करते हैं, उनसे भी मैं कहना चाहता हूं कि ये चुनाव बैलेट पेपर से हुए हैं।

इससे यह तर्क पूरी तरह गलत साबित होता है कि वोटिंग मशीनें बीजेपी को चुनाव जीतने में मदद करती हैं। त्रिपुरा में कांग्रेस पार्टी 33 साल से अपना मुख्यमंत्री नहीं बना पाई है। बंगाल में कांग्रेस पार्टी को 54 सालों से एक भी जीत नहीं मिली है। बंगाल, त्रिपुरा और गुजरात में कांग्रेस पार्टी लगातार तीन, चार और पांच दशकों से हार रही है। मैं राहुल गांधी से सीधे पूछना चाहता हूं कि क्या यह भी SIR का परिणाम है?

शाह ने कहा, SIR तो 2024 के बाद शुरू हुआ। जब से राहुल गांधी कांग्रेस के मुख्य नेता, फिर अध्यक्ष और विपक्ष के नेता के रूप में आए, तब से कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हार रही है। आपको आत्म-चिंतन करने की जरूरत है।

अमित शाह ने कहा कि आप मनगढ़ंत मीडिया इवेंट्स, ‘झूठ की गूंज’ से इस देश की जनता का भरोसा नहीं जीत सकते। 14 पार्टियों का कैडर इकट्ठा करके, 1.5 किलोमीटर के क्षेत्र में 8,000 लोगों की भीड़ जमा करके आप देश की आवाज नहीं बन सकते।

केंद्रीय गृह मंत्री बोले, मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि ‘SIR’ के बहाने घुसपैठियों को बचाने की जो आपकी कार्ययोजना है उसको देश की जनता भली भांति समझ चुकी है और जनता आपके झांसे में आने वाली नहीं है।

मैं राहुल गांधी और उनके साथियों को यह भी बताना चाहता हूं कि 2029 में प्रचंड हार के लिए एक बार फिर मन बना लीजिए। 2029 के आम चुनावों में NDA भारी बहुमत से जीतकर आने वाला है और कांग्रेस पार्टी को लगातार चौथी हार होने वाली है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और एनडीए के साथ है। आप इस सच्चाई को झुठला नहीं सकते हैं।

Chhattisgarh