Oct 30 2026 / 2:32 AM

पुलिस और लाठियों की चिंता न करें, संविधान की रक्षा के लिए साथ चलें दिल्ली: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली’ मार्च में लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि यह मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने तथा कथित ‘वोट चोरी’ को रोकने के लिए निकाला जा रहा है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे देश की आवाज है।

राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है। सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं। सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए। एक ही प्रोटेस्ट है, देश का प्रोटेस्ट है।

राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे पुलिस कार्रवाई या लाठीचार्ज की आशंका से न घबराएं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी में मार्च को रोकने के लिए किसी तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठियों की चिंता मत कीजिए। BJP में अपनी किसी भी हरकत को आजमाने की हिम्मत नहीं होगी। हमारे साथ मार्च कीजिए। हम संविधान और भारत राष्ट्र की रक्षा के लिए साथ चलेंगे। घबराने की जरूरत नहीं है।’

राहुल गांधी ने सभी छात्र संगठनों से अपनी राजनीतिक संबद्धता से ऊपर उठकर मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को लगता है कि देश पर हमला हो रहा है या उनकी अभिव्यक्ति, विचारों और सोचने की आजादी को निशाना बनाया जा रहा है, उन्हें इस प्रदर्शन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने इस मार्च को शानदार बताते हुए कहा कि यह देश की आत्मा के लिए निकाला जा रहा है। राहुल ने कहा कि वह 1 नवंबर को रामलीला मैदान में लोगों से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Chhattisgarh