Nov 12 2026 / 10:00 PM

अमिताभ बच्चन के बंगले, मेयर ऑफिस, एयरपोर्ट समेत मुंबई में कई जगहों पर बम धमाकों की धमकी

नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कई जगहों पर बम धमाकों की एक बार फिर से धमकी दी गई है। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’, मुंबई में मेयर ऑफिस और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से दहलाने की धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है।

इसके अलावा कोर्ट, बैंक और महालक्ष्मी रेसकोर्स का जिक्र भी ई-मेल में किया गया है। साथ ही साथ गायक दिलजीत दोसांझ के मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की चेतावनी भी दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

जिन जगहों पर बम धमाके की धमकी मिली है वहां सघन जांच पड़ताल की जा रही है और उन स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी भरे इस ईमेल में खालिस्तान समर्थक मैसेज भी लिखे गए हैं और खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम है। मुंबई पुलिस की साइबर टीम फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा यह ई-मेल कहां से भेजा गया है।

वहीं अभी तक की जांच में कहीं से कुछ भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस की टीम जगह-जगह पर तैनात है और सीसीटीवी से भी इन जगहों पर निगरानी रखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में इस प्रकार की कई धमकियां मिल चुकी हैं।

इससे पहले भी अमिताभ बच्चन के बंगले और अन्य मुंबई के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बम ब्लास्ट की धमकी मिल चुकी है। आपको बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर पिछले महीने 18 अक्टूबर को फायरिंग की गई थी जिसमें वो बाल-बाल बच गए।

इसके अलावा कई अन्य बॉलीवुड स्टार्स को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। इसको देखते हुए अभी हाल ही में मंबई पुलिस ने बॉलीवुड एक्टर्स को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर नहीं जाने और फिलहाल फैंस से सार्वजनिक मुलाकात से बचने की सलाह दी है।

Chhattisgarh