Aug 31 2026 / 10:37 PM

‘मुख्यमंत्री की सेवा संस्था’ के नाम पर ठगी का खेल! व्यापार के लिए मदद का झांसा, 60 हजार तक ऐंठे

रजिस्ट्रेशन के नाम पर लोगों से रकम जमा कराई; आर्थिक सहायता नहीं मिली तो खुला फर्जीवाड़ा, क्राइम ब्रांच में तीन-चार शिकायतें

इंदौर। शहर में आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर ठगी का एक नया तरीका सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलपति की सेवा संस्था से जुड़ा प्रतिनिधि बताकर लोगों को व्यापार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने फरियादियों से पहले संस्था में रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर रुपए जमा करवाए। करीब 50 से 60 हजार रुपए जमा कराने के बाद भी जब आर्थिक सहायता नहीं मिली तो लोगों को ठगी का अहसास हुआ। मामले में तीन से चार लोगों ने इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत की है।

फोन कर बताया- संस्था दे रही आर्थिक मदद…
फरियादियों के मुताबिक, उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। उसने खुद को विजय थलपति की सेवा संस्था से जुड़ा प्रतिनिधि बताया। आरोपी ने कहा कि संस्था की ओर से कुछ लोगों को व्यापार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देने के लिए चिन्हित किया गया है। इसके बाद उसने फरियादियों को भी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

पहले रजिस्ट्रेशन, फिर रकम जमा…
आरोपी ने आर्थिक सहायता दिलाने से पहले संस्था में रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही। उसकी बातों में आकर फरियादियों ने उसके बताए माध्यम से करीब 50 से 60 हजार रुपए जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी अलग-अलग बहाने बनाने लगा। समय बीतता गया, लेकिन न तो आर्थिक सहायता मिली और न ही आरोपी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब मिला।

रकम गई तो समझ आया ठगी का खेल…
काफी समय तक मदद नहीं मिलने पर फरियादियों को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच से की।क्राइम ब्रांच अब शिकायतों के आधार पर आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, भुगतान के माध्यम और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

कई लोगों को बनाया निशाना?
एक ही तरीके से तीन से चार लोगों के सामने आने के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया है। क्राइम ब्रांच शिकायतकर्ताओं से संबंधित दस्तावेज और लेन-देन की जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

Chhattisgarh