Feb 26 2026 / 3:19 AM

अनिल अंबानी का 3716 करोड़ रुपये का घर ED ने किया जब्त

नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उद्योगपति अनिल अंबानी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने मुंबई में स्थित उनके आलीशन घर एबोड को जब्त कर लिया है। मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित 17 मंजिला इस प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपए के बताई जा रही है।

इसके साथ ही अनिल अंबानी से जुड़ी अब तक 15,700 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन से जुड़े बैंक धोखाधड़ी केस से संबंधित है। अनिल अंबानी से इस मामले में अगस्त 2025 में ईडी ने पूछताछ भी की थी।

सबसे पहले सीबीआई ने रिलायंस अनिल अंबानी समूह से जुड़ी विभिन्न कंपनियों पर धोखाधड़ी, रिश्वतखोरी और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद ईडी ने पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत इसकी जांच शुरू की।
सुप्रीम कोर्ट ने इस केस से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए ईडी को रिलायंस कम्युनिकेशंस, उसकी मूल कंपनियों और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ बैंक ऋण धोखाधड़ी के आरोपों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। अनिल अंबानी ने अभी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया है जिसमें उन्होंने जांच में सहयोग देने और इजाजत के बिना देश से बाहर नहीं जाने का वादा किया है।

इसके अलावा अभी 23 फरवरी को ही बॉम्बे हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के उस आदेश को खारिज कर दिया जिसमें बैंकों के द्वारा अनिल अंबानी और उनकी कंपनी से जुड़े खातों पर एक्शन लिए जाने पर रोक लगाई गई थी। इसके बाद अब अनिल अंबानी और उनके कंपनी से जुड़े लोन खातों को बैंकों के द्वारा ‘फ्रॉड’ घोषित करने की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।

Chhattisgarh