सेवा संकल्प अभियान के तहत इंदौर जिले में प्रज्वलित किये गये लगभग 8 लाख दीए
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आमजन एवं जनप्रतिनिधियों ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
इंदौर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर इंदौर जिले में लगभग 8 लाख दीप प्रज्वलित किये गये। इंदौर शहर में लगभग 3 तीन लाख दीए और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5 लाख दीए प्रज्वलित किये गये। इस अवसर पर इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लगभग सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी से जगमगाता राजवाड़ा क्षेत्र आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इंदौर के गौरव राजवाड़ा परिसर में दीपों से भारत का मानचित्र बनाया गया, जिसमें ‘ स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के साथ ‘इंदौर क्लीन सिटी’ लिखा गया। दीपों से ‘ आशीर्वाद का दीया’ भी प्रदर्शित किया गया। राजवाड़ा परिसर को केसरिया, सफेद और हरे रंग की आकर्षक रंगोली से सजाया गया तथा दीपों की लंबी माला भी बनाई गई।
कार्यक्रम को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख धार्मिक, सार्वजनिक एवं आवासीय परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां एवं विद्युत सज्जा भी की गई। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर लगभग 3 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर इंदौर को दीपों की रोशनी से जगमगाया गया।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री गोलू शुक्ला, श्री मनोज पटेल, श्रीमती मालिनी गौड़, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री जीतू जिराती, श्री गौरव रणदीवे, श्री सुमित मिश्रा, श्री सावन सोनकर, महापौर परिषद सदस्य श्री अभिषेक शर्मा, सुश्री श्रेष्ठा जोशी, श्री अश्विनी शुक्ल, श्री नंदकिशोर पहाड़िया, पार्षद सुश्री रूपाली पेंढारकर, श्री महेश चौधरी, सुश्री संध्या यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी हॉल, लालबाग, खजराना, मरी माता चौराहा, नवलखा चौराहा, अग्रसेन चौराहा, रणजीत हनुमान, बड़ा गणपति, कॉटन पूरा चौराहा, वीर सावरकर चौराहा एवं महू नाका चौराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इन स्थानों पर आकर्षक विद्युत सज्जा एवं अन्य साज-सज्जा के माध्यम से कार्यक्रम को उत्सवमय स्वरूप प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री आवास परिसरों में भी जगमगाए दीप
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अरावली परिसर, पलाश परिसर-1 एवं 2, तापी परिसर तथा नर्मदा परिसर में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इन परिसरों में दीपों के साथ आकर्षक रंगोलियां बनाकर विशेष साज-सज्जा की गई। शहरभर में एक साथ प्रज्ज्वलित दीपों से इंदौर दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सेवा, स्वच्छता एवं सामूहिक जनभागीदारी का संदेश दिया।
