Nov 13 2026 / 9:10 PM

असम में बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत, 24 लोगों की मौत

नई दिल्ली। असम के गोलाघाट जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई है। काजीरंगा नेशनल पार्क के पास यात्रियों से भरी ट्रैवलर और एक कंटेनर ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 24 लोगों की मौत गई है जबकि 11 अन्य घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और कंटेनर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैवलर में फंसे शवों को निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रैवलर में लगभग 35 लोग सवार थे। असम के मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं।

फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि ट्रैवलर में सवार लोग कौन थे और कहां जा रहे थे। एक्सीडेंट होते ही घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। स्थनीय लोग भागकर मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने में जुट गए। बाद में पुलिस और अन्य बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह हादसा ओवरस्पीडिंग की वजह से हुआ।

ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रैवलर की स्पीड काफी ज्यादा थी। उसके ड्राइवर ने काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास के इलाके में लागू स्पीड कंट्रोल से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया। यह भी पता चला है कि ट्रैवलर के 12 चालान हुए थे जिसमें से 38500 रुपये का जुर्माना भरा जा चुका है और 4 हजार रुपये का एक चालान का भुगतान अभी बाकी है। यह चालान ओवरस्पीडिंग का था।

उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस हादसे से काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि इस दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है। इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है और जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं।

दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं।

Chhattisgarh