Aug 31 2026 / 10:33 PM

किचन में कॉकरोच, फ्रीजर में वेज-नॉनवेज साथ; बिगबास्केट, सोशल और हेडली पिज्जा के लाइसेंस निलंबित

नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था तो प्रशासन ने दिखाई सख्ती; खाद्य सुरक्षा जांच में स्वच्छता से लेकर रिकॉर्ड तक मिलीं गंभीर खामियां

इंदौर। शहर में खाद्य सुरक्षा नियमों से खिलवाड़ करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर बिगबास्केट, सोशल और हेडली पिज्जा के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में हुई जांच में तीनों प्रतिष्ठानों पर स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं।
खास बात यह है कि जांच के दौरान मिली कमियों को सुधारने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे। निर्धारित समयसीमा में सुधार नहीं होने पर प्रशासन ने अब लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की है।

हेडली पिज्जा के फ्रीजर और फर्श पर मिले कॉकरोच

स्कीम नंबर 54 स्थित जैमिनी मॉल के हेडली पिज्जा में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब मिली। जांच टीम को फ्रीजर और फर्श पर कॉकरोच घूमते मिले।

खाना बनाने के लिए जंग लगे और गंदे बर्तनों के साथ जले हुए काले तेल का उपयोग किए जाने की बात भी जांच में सामने आई। मोकटेल तैयार करने वाले स्थान पर भी जंग लगा हुआ पाया गया। रसोई के मुख्य दरवाजे के नीचे खाली जगह मिली, जिससे कीटों के अंदर प्रवेश करने की आशंका थी। इसके अलावा भोजन पकाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिले।

नहीं दिखा पाए दस्तावेज….

जांच में परिसर में प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और बर्तन धोने की उचित व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, भोजन की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इन कमियों को देखते हुए प्रशासन ने लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।

सोशल में एक ही फ्रीजर में वेज-नॉनवेज….

एमआर-10 स्थित सोशल रिंगरोड में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच दल को स्टोर रूम के दरवाजे खुले मिले। सबसे बड़ी कमी यह मिली कि वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक ही डीप फ्रीजर में साथ-साथ रखी हुई थी। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट और भोजन की लैब रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। परिसर में कचरा रखने के लिए लगाए गए डस्टबिन भी बिना ढक्कन के खुले पाए गए।

बिगबास्केट के गोदाम में खाद्य-अखाद्य सामग्री साथ

स्कीम नंबर 54 स्थित बिगबास्केट के गोदाम में भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां मिलीं। कच्चे माल और खाद्य सामग्री को उचित प्रबंधन के बिना रखा गया था। खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य सामान भी रखा मिला। पूरे परिसर में गंदगी पाई गई। जांच के दौरान संस्थान एफएसएसएआई प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

नोटिस के बाद भी सुधार नहीं, तब हुई कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों को पहले ही कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समयसीमा में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए तीनों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि बड़े ब्रांड या प्रतिष्ठान होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Chhattisgarh