Jun 11 2026 / 8:05 PM

होर्मुज के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर दूसरे दिन हमला, ओमान में तीन दिन में तीसरा हमला

नई दिल्ली। खाड़ी देश ओमान के तट के पास एक भारतीय जहाज MT जलवीर पर हमला हुआ है। इस कार्गो शिप के चालक दल में कई भारतीय नागरिक भी हैं। ओमान स्थित भारतीय दूतावास की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि हमें आज ओमान के शिनास बंदरगाह के पास एक जहाज से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और आगे की जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कार्गो शिप से धुआं निकलते देखा जा सकता है।

ओमान तट के पास जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। तीन दिन में तीसरे जहाज को निशाना बनाया गया है। इससे पहले बुधवार को भी पालाऊ के झंडे वाले MT सेटेबेलो नाम के एक कमर्शियल जहाज पर अटैक हुआ था। इस जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे जिसमें से 24 भारतीय नागरिक थे।

जहाज पर हुए हमले के बाद 21 भारतीय नागरिकों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया था जबकि 3 भारतीय लापता थे, जिनकी खोज जारी थी। अब उनके शव मिलने की जानकारी सामने आई है। भारत की ओर से इस हमले की कड़ी आलोचना की गई थी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले में अमेरिकी प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब करते हुए कड़ा विरोध जताया था।

बता दें कि अमेरिका और ईरान युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में संकट फिर से गहराता जा रहा है। पिछले दो दिनों में अमेरिका ने ईरान पर फिर से हमले किए हैं। जवाब में ईरान ने भी बहरीन और अन्य जगहों पर ईरानी सैन्य बेस को निशाना बनाया है।

Chhattisgarh