Oct 24 2026 / 12:46 PM

भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, पुलिस ने रखा था लाखों रुपये का इनाम

नई दिल्ली। भारत का कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। FBI ने भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को गिरफ्तार किया है।भऊ अमेरिका में बैठकर दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में अपना नेटवर्क चल रहा था।

हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हिमांशु भाऊ पर हत्या, रंगदारी और अपहरण समेत कई मामले दर्ज हैं। भऊ के खिलाफ खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। अब एफबीआई ने गिरफ्तार किया है। हिमांशु भाऊ की लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उसकी पुरानी दुश्मनी रही है।

गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के साथ हरियाणा के गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भी गिरफ्तार किया गया है। नीरज पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या, रंगदारी समेत 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को अब भारत लाने की कोशिश भारतीय एजेंसियों ने शुरू कर दी है।

गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार हुआ है। हरियाणा STF के इनपुट पर अमेरिका में कार्रवाई हुई।अमेरिकी एजेंसी ICE की मदद से हिमांशु भाऊ को गिरफ्तार किया गया। हरियाणा STF हिमांशु भाऊ को भारत डिपोर्ट कराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ USA के संपर्क में था।

हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण, फिरौती मांगने और गिरोह चलाने जैसे गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को भारतीय एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है। अब उसे भारत लाने और उसके खिलाफ दर्ज मामलों में आगे की कार्रवाई को लेकर कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी। हालांकि, उसे भारत कब लाया जाएगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

इंटरपोल ने हिमांशु भाऊ के खिलाफ अगस्त 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद भारतीय जांच एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। हिमांशु भाऊ NIA, दिल्ली-हरियाणा पुलिस मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था।हरियाणा पुलिस ने हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए उस पर 2.5 लाख रुपये का इनाम रखा था। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ की सिर पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था।

हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है। उसका पूरा नाम हिमांशु उर्फ भाऊ रिटोलिया भी बताया जाता है। वह कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में आ गया था। पुलिस के मुताबिक, उसने फर्जी दस्तावेजों की मदद से पासपोर्ट बनवाया और भारत छोड़ दिया। इसके बाद वह विदेश से अपने गिरोह का नेटवर्क चलाने लगा। खबरों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ का संबंध पुर्तगाल से भी रहा है। उसके गिरोह के संबंध नीरज बवाना और नवीन बाली के गिरोहों से भी बताए जाते हैं। उसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का विरोधी भी माना जाता है।

हिमांशु भाऊ के गिरोह ने 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भी ली थी। इसके अलावा, दिल्ली के आया नगर में डेयरी कारोबारी रतन लोहिया की हत्या के मामले में भी उसके गिरोह के सदस्यों के नाम सामने आए थे। पुलिस के मुताबिक, रतन लोहिया की हत्या से पहले हमलावरों ने कई घंटे तक इलाके पर नजर रखी थी। इसके बाद उन पर 60 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। इस मामले में हिमांशु के गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

हिमांशु भाऊ के साथ हरियाणा का एक और कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी अमेरिका में पकड़ा गया है। नीरज पर दिल्ली-हरियाणा और पंजाब में हत्या, रंगदारी जैसे 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इसके अलावा नीरज का नाम साल 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की मर्डर में आ चुका है। ये हिमांशु भाऊ के साथ गैंग ऑपरेट करता है। नीरज फरीदपुरिया 2012 में हत्या के मामले में गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद था। उसे 2015 में उम्र कैद हुई थी। हालांकि उसे पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने 2019 में जमानत दे दी। उसके बाद नीरज विदेश भाग गया था।

हिमांशु भाऊ का साथी नीरज फरीदपुरिया भी कई बड़े कांड में शामिल रह चुका है। साल 2024 में दिल्ली के आया नगर में 70 से ज्यादा गोलियां मरवा कर एक शख्स की हत्या में इसका काम सामने आया था। वहीं साल 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव के घर फायरिंग में भी नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था।

Chhattisgarh