Jul 16 2025 / 5:03 PM

दिल्ली में एक हफ्ते फिर बढ़ा लॉकडाउन, 31 मई तक रहेगा जारी

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 31 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। बता दें कि दिल्ली में 24 मई की सुबह लॉकडाउन खत्म हो रहा था, जिसे ऐहतियातन एक हफ्ते और बढ़ा दिया गया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अप्रैल के महीने में जब सेकंड वेब आया था, तो दिल्ली में सबसे पहले लॉकडाउन लगाया गया था। लगभग 1 महीने से अंदर दिल्ली के लोगों के अनुशासन और दिल्ली के लोगों की मेहनत और संघर्ष की बदौलत कोरोना की दूसरी वेब कमजोर होती नजर आ रही है। हमने अभी जंग नहीं जीती है, लेकिन इसपर काबू पाया जा रहा है।

सीएम केजरीवाल ने बताया कि संक्रमण दर अब 2.5 फीसदी के नीचे चली गई है। अप्रैल में एक दिन ऐसा था जब संक्रमण दर 35 फीसदी से ऊपर चला गया था। उन्होंने कहा कि अप्रैल के महीने में एक दिन ऐसा था जब 28,000 केस आए थे। वहीं, बीते 24 घंटे में महज 1600 केस सामने आए हैं। बीते 1 महीने में कई सारी समस्याएं आई, जिनका हम सभी ने मिलकर मुकाबला किया।

उन्होंने कहा कि युद्ध अभी बाकी है। अभी भी 1000 से ज्यादा केस आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में मैंने खूब लोगों से पूछा। दिल्ली के लोगों की एक राय है कि एक हफ्ते लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा। यानी अब 31 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह केस घटता रहा तो 31 मई के बाद लॉकडाउन में राहत दी जाएगी।

मालूम हो कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने 19 अप्रैल को पहला लॉकडाउन लगाया, जिसे कई बार बढ़ाया गया है और आखिर बार इससे पहले 16 मई को लॉकडाउन बढाने की घोषणा की गई थी। बता दें कि दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 2260 नए मामले आए और 182 लोगों की मौत हो गई।

Chhattisgarh