शरद पवार की फिर बिगड़ी तबीयत, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली। एनसीपी (एससीपी) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत फिर से खराब हो गई है जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उनकी बेटी और एनसीपी (एससीपी) सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में एक्स पर जानकारी दी।
सुप्रिया सुले ने बताया कि हम बाबा को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्हें डिहाइड्रेशन हो गया है। उन्हें थोड़ा आराम करने और कम यात्रा करने की जरूरत है, लेकिन बाबा सुनते ही नहीं हैं। उन्हें अपने काम से बहुत ज्यादा प्यार है। इसके साथ ही सुप्रिया ने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताया है।
जानकारी के मुताबिक सुप्रिया सुले मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित एनसीपी (एससीपी) कार्यालय में एक बैठक में हिस्सा ले रही थीं जब उन्हें शरद पवार की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। सुप्रिया बैठक को बीच में छोड़कर तुरंत वहां से रवाना हो गईं।
बता दें कि 85 वर्षीय शरद पवार अभी भी राजनीति में सक्रिय हैं और इस वजह से उनको काम के बोझ के चलते पूरी तरह आराम का समय नहीं मिलता। पिछले कुछ समय से वो जल्दी-जल्दी बीमार हो रहे हैं।
अभी इसी महीने नवंबर की शुरुआत में सांस लेने में समस्या के चलते उनको पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिन के इलाज के बाद अब उनको छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद कुछ अन्य जांचों के लिए उन्हें दो दिन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा था।
