संसद सत्र से पहले शरद पवार की पार्टी NCP का बड़ा ऐलान, परिसीमन का समर्थन करेगी
नई दिल्ली। एनसीपी (शरद पवार) ने परिसीमन (डिलिमिटेशन) के लिए अपना समर्थन औपचारिक रूप से घोषित कर दिया है। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद, आव्हाड ने कहा, संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, परिसीमन किया जाना है।
सुप्रिया ताई और सांसदों ने यह फैसला लिया है। हमारी पार्टी इसका समर्थन करेगी। आव्हाड ने कहा, नहीं, नहीं ऐसा है कि तभी हमारी पार्टी स्टैंड के ऊपर बात नहीं हो रही थी, टोटल ऐसी बात हो रही थी कि कॉन्स्टिट्यूशनल रहता है डिलिमिटेशन और वो करना ही पड़ता है। आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों करना ही पड़ेगा।
NCP-SCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, संजय राउत के अपने निजी विचार हैं। हम जानते हैं कि वफादारी क्या होती है। मैं 1986 से पवार साहब के परिवार का हिस्सा रहा हूं। मैं उन्हें भगवान मानता हूं और उनके फैसले हम सभी के लिए हमेशा अंतिम रहे हैं। INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने के सवाल पर कहा, हम जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, हम निश्चित रूप से बिल का अध्ययन करेंगे; इसमें कोई शक नहीं है। जहां तक परिसीमन (डिलिमिटेशन) के मुद्दे की बात है, तो इस पर जो भी होगा, वह सुप्रिया ताई के फैसले के अनुसार ही होगा।
संसद के विशेष सत्र और प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, “मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। सत्र की घोषणा तो हो गई है, लेकिन मेरे पास इसका एजेंडा नहीं है। हमारी पार्टी बहुत अनुशासित है, और जब तारीखों की घोषणा हो जाती है, तो हमारे वरिष्ठ नेता अमोल कोल्हे ‘व्हिप’ जारी करते हैं। मैंने अभी तक विधेयक नहीं देखा है, तो फिर मैं इस पर पार्टी का रुख कैसे बता सकती हूँ? मुझे इस मामले के बारे में कुछ भी नहीं पता… हम कोई गुट नहीं हैं; हम एक पार्टी हैं।
पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में शुक्रवार को लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सीटों की यह संशोधित अधिकतम सीमा साल 2050 तक लागू रहेगी। बता दें कि यह बड़ा फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के खास सत्र से ठीक पहले लिया गया है, जिसके दौरान सरकार डिलिमिटेशन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक में बदलावों को पेश किए जाने की उम्मीद है।
