गुजरात के महेसाणा में चुनाव से पहले भड़की हिंसा
नई दिल्ली। गुजरात के महेसाणा में स्थानीय चुनाव से ठीक पहले इलाके में हिंसा भड़क गई। महेसाणा महानगरपालिका बनने के पहले 24-25 अप्रैल की रात तावडिया रोड पर भाजपा उम्मीदवार महेंद्र चौधरी के भांजे, 21 वर्षीय मितेन चौधरी की हत्या कर दी गई। एफआईआर में खुलासा हुआ है कि, वारदात को पूरी तरह सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया।
शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ डिनर के बाद आकाश बंग्लोज से निकले और देर रात करीब साढ़े 11 बजे तावडिया गांव की ओर गए। वहां से लौटते वक्त, 25 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे, तावडिया चौकड़ी के पास उन्होंने अपने रिश्तेदार हर्ष चौधरी को फोन कर बुलाया। कुछ ही मिनटों में माहौल बदल गया।
एफआईआर के अनुसार पहले भरत चौधरी पर हमला हुआ तो उसके बाद उनके बेटों ने झड़प शुरू की, करीब 12:40 बजे, दो गाड़ियों एक बोलेरो और एक इनोवा से भरतभाई माधुभाई चौधरी, उनके बेटे धवल चौधरी, मयूर चौधरी और यश चौधरी समेत अन्य लोग उतरे और हर्ष चौधरी के साथ गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया।
एफआईआर में कहा गया है कि इसी दौरान मयूर ने हर्ष को थप्पड़ मारा, जिसके बाद मितेन और उसके साथी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। लेकिन मामला शांत होने के बजाय और भड़क गया। आरोप है कि भरतभाई और उनके साथियों ने पहले से साजिश के तहत हमला किया। धवल चौधरी ने मितेन के सिर पर डंडे से वार किया, जबकि यश ने पीछे से चाकू घोंप दिया।
अचानक हुए इस हमले में मितेन बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ गिर पड़ा। हमलावरों ने न सिर्फ उसे, बल्कि शिकायतकर्ता को भी डंडों और पाइप से पीटा। एफआईआर के मुताबिक, हमलावर लगातार धमकी देते रहे कि ‘आज बच गए हो, अगली बार जान से मार देंगे।’ घटना के बाद मितेन और अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
शिकायतकर्ता को सिर और शरीर पर चोटों के कारण भर्ती किया गया, जबकि मितेन की हालत गंभीर होने के चलते उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया। लेकिन इलाज के दौरान मितेन की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने हमले के दौरान गाड़ी पर भी तोड़फोड़ की, जिससे करीब 3000 रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस का मानना है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित था, जिसमें कई लोग शामिल थे और सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। महेसाणा A डिविजन पुलिस ने इस मामले में हत्या और आपराधिक साजिश सहित BNS की धारा 103(1), 115(2), 118(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एफएसएल की मदद से मौके का पंचनामा किया गया है, जबकि सीसीटीवी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। पोस्टमार्टम के बाद मितेन चौधरी का शव तावडिया गांव लाया गया, जहां कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे गांव में गम का माहौल छा गया।
